चमोली: पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। एसपी चमोली ने कोतवाली परिसर के चप्पे-चप्पे का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस आवासीय भवनों की स्थिति देखी और आवासीय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष बल दिया। इसके बाद वे सीधे कार्यालय, मालखाना, भोजनालय और हवालात पहुँचे। मालखाने के रख-रखाव और अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी व स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
चमोली जिला आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। निरीक्षण के एसपी चमोली ने आपदा उपकरणों के रखरखाव की व्यक्तिगत रूप से जांच की। इस दौरान एसडीआरएफ जवानो ने आपदा उपकरणों का कुशलतापूर्वक संचालन कर दिखाया। एसपी ने कहा कि “आपदा के समय एक सेकंड की देरी भी भारी पड़ सकती है, इसलिए अभ्यास निरंतर जारी रहना चाहिए।” निरीक्षण से पूर्व कर्णप्रयाग के गणमान्य नागरिकों ने एसपी चमोली का गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, जनपद के प्रतिष्ठित चिकित्सक और पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शर्मा एवं डॉ. उमा शर्मा (चिकित्सक दंपति) ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान नगर के गणमान्य व्यक्तियों और पत्रकार बंधुओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि थाने के समीप पूर्व में क्षतिग्रस्त हुए नाले के सुधार कार्य हेतु नगर पालिका को प्रस्ताव भेजा गया, जिस पर नगर के नालों के सुधार के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा वित्तीय स्वीकृति भी शीघ्र प्राप्त होने की संभावना है। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में दुकानों के बाहर किए गए अनावश्यक अतिक्रमण को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस विभाग एवं नगर पालिका कर्णप्रयाग द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की गई। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल,महिला उपनिरीक्षक निशा पांडे, अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र गोदियाल व अन्य मौजूद रहे।
