देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास पर टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र संघर्ष समिति (भाग-1, पथरी हरिद्वार) एवं ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर, बहादराबाद के प्रतिनिधि मंडल से भेंट की। प्रतिनिधियों ने विस्थापित परिवारों को भूमिधरी अधिकार प्रदान करने और पुनर्वास से जुड़े लंबित मुद्दों पर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही जिलाधिकारी हरिद्वार एवं जिलाधिकारी टिहरी से फोन पर बातचीत कर वैधानिक-प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास और अधिकार संरक्षण राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ताकि विस्थापितों को शीघ्र राहत मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, सचिव एस.एन. पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आशा नेगी एवं ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। प्रतिनिधि मंडल ने सीएम के त्वरित संज्ञान और निर्देशों पर आभार जताया। यह कदम विस्थापितों के संघर्ष को नई उम्मीद प्रदान करता है।
