देहरादून। जनहित में उत्कृष्ट, संवेदनशील और प्रभावी प्रशासनिक कार्यों के लिए देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को आज जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की ओर से गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। यूनियन ने जिलाधिकारी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके जनसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि डीएम सविन बंसल एक *कुशल, कर्तव्यनिष्ठ और दूरदर्शी प्रशासक* हैं, जिनकी कार्यशैली में जनता के प्रति गहरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से झलकती है।
उनके नेतृत्व में किए जा रहे जनहितैषी कार्यों से आमजन में संतोष, भरोसा और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। यूनियन के प्रदेश महामंत्री गिरीश पंत ने कहा कि जर्नलिस्ट यूनियन का उद्देश्य पत्रकारिता की मर्यादाओं और परंपराओं को सुदृढ़ बनाए रखना, साथ ही पत्रकारों के हितों एवं अधिकारों की प्रभावी रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है और सुशासन को नई दिशा देता है।
सम्मान समारोह में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष *उमाशंकर प्रवीण मेहता, प्रदेश कोषाध्यक्ष **ललित बलूनी, जिला कोषाध्यक्ष **ज्योति भट्ट* सहित *ललित मोहन लखेड़ा, वीरेश रोहिला, अशोक शर्मा, अफरोज खान, समीना, आरती वर्मा* एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण सम्मान, विश्वास और जनसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा, जहाँ प्रशासन और पत्रकारिता के बीच सकारात्मक संवाद व सहयोग की सशक्त झलक देखने को मिली।
