टिहरी गढ़वाल (रॉबिन वर्मा)। टिहरी गढ़वाल जनपद के अंतर्गत पंतवाड़ी क्षेत्र के ग्राम बांडासारी में पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम्य स्तर पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला सेक्टर योजनांतर्गत संचालित योजनाओं के तहत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय पशुपालकों ने भागीदारी निभाई। गोष्ठी के दौरान विभागीय टीम ने ग्रामीणों को पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदानों और सुविधाओं की जानकारी दी।
साथ ही पशुओं के वैज्ञानिक तरीक़े से रखरखाव, संतुलित आहार प्रबंधन, समय-समय पर टीकाकरण, परजीवी नियंत्रण तथा मौसमी रोगों की रोकथाम पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमित टीकाकरण और साफ-सफाई अपनाकर कई संक्रामक बीमारियों से पशुओं को सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे दुग्ध उत्पादन और आय में भी वृद्धि होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित पशुपालकों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए पशुओं में होने वाले सामान्य रोगों, उनके घरेलू उपचार, पारंपरिक नुस्खों तथा आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर सवाल-जवाब किए। विभागीय चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और बिना जानकारी के दवाइयों के प्रयोग से बचने की अपील की।
गोष्ठी के अंत में पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को आवश्यक पशु औषधियाँ और परजीवी नाशक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं। इस दौरान ग्रामीणों ने ऐसे कार्यक्रमों को गांव-गांव में नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग भी रखी, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक आधुनिक पशुपालन तकनीकों से जुड़ सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बांडासारी सुनील हनुमंती ने की। पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. अनमोल नोटियाल ने तकनीकी विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि पशुचिकित्सा फार्मेसी अधिकारी जगदम्बा प्रसाद, सुमेर सिंह सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे।
