देहरादून: भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले मंगलवार को विकासनगर क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल थान का बकाया भुगतान दिलाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से मिलने पहुंचा। मंत्री के घर न पहुंच पाने पर अधिकारियों ने उनकी बात सुनी और ठोस आश्वासन दिया। मंत्री के अनुपस्थिति में आरएफसी गढ़वाल अरविंद पांडे, सीएमडी एम.एस.गोदियाल, एसआईएमडी अनु जबरे, डीपीआरओ पी. देहरादून सुशील तिवारी और प्रबंधक यूसीएफ नरेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल से विस्तार से चर्चा की।
किसानों ने थान भुगतान की लंबित समस्या बताई, जिस पर अरविंद पांडे ने गंभीरता जताते हुए मंत्री को सौंपे ज्ञापन पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी का जल्द समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश सचिव रंजीत गुरु, वीरेंद्र पुंडीर, राजा सिंह, मोहम्मद इमरान, दिनेश कुमार आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जाएगी।” किसान संगठन ने सरकार से अपील की है कि थान भुगतान जैसे मुद्दों पर त्वरित ध्यान दिया जाए, ताकि क्षेत्र के अन्नदाता आर्थिक संकट से उबर सकें।
