देहरादून : देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) द्वारा आयोजित उत्तराखंडी पहाड़ी फुटबॉल कप 2026 का भव्य समापन हो गया। गूलरघाटी रोड, भागीरथी इनक्लेव स्थित मैदान पर 3 जनवरी से चले तीन दिवसीय टूर्नामेंट में देशभर से 30 टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-14 में 8, ओपन एज में 12 और 45 प्लस में 10 टीमों ने लीग कम नॉकआउट फॉर्मेट में जोरदार मुकाबले लड़े। अंडर-14 फाइनल में डीएफए ने दिल्ली एफसी को 2-1 से हराकर खिताब जीता। बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार डीएफए के अक्स नेगी को और बेस्ट गोलकीपर आशुतोष भट्ट को मिला।
ओपन एज फाइनल में भी डीएफए ने गढ़वाल एफसी दिल्ली को टाईब्रेकर में 5-4 से धूल चटाई। यहां बेस्ट प्लेयर अमन फर्शेवान और बेस्ट गोलकीपर प्रियांशु रावत रहे। वहीं, 45 प्लस वर्ग में हिमालयन एफसी ऋषिकेश ने पहाड़ी बॉयज एफसी को 2-1 से मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बेस्ट प्लेयर हिमालयन के मुकेश नेगी और बेस्ट गोलकीपर पहाड़ी बॉयज के विजय बिष्ट चुने गए। मुख्य अतिथि आर्मी सर्विसेज के कैप्टेन धीरज थापा, पूर्व नेशनल खिलाड़ी मनीष शर्मा, सुनील शर्मा, विनेश राणा और रघुबीर कैश ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल व सर्टिफिकेट प्रदान किए।
आयोजक एवं डीएफए संस्थापक अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि 650 खिलाड़ियों को निशुल्क पहाड़ी भोजन—भात, भटू की दाल और चाय—परोसकर स्वागत किया गया। रेफरी टीम में हर्षित चौहान, हिमांशु, वरुण, विमल रावत, सुनील शर्मा, मनोज, आशीष नेगी, अमन और आशय शामिल रहे। डॉ. रावत ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। रोज 1-2 घंटे फिटनेस पर ध्यान दें, नशे, फास्ट फूड और मोबाइल से दूर रहें।” उन्होंने घोषणा की कि यह वर्ष का पहला टूर्नामेंट सफल रहा, सालभर में 4-5 और आयोजन किए जाएंगे।
