उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के पौराणिक माघ मेले को लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा का केंद्र बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने आज पुलिस कार्यालय में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता रणनीति बनाई। मीटिंग में एसपी ने फोर्स आवंटन, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर जोर देते हुए पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार को मेलास्थल का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उ0नि0 दिलमोहन सिंह बिष्ट को मेला प्रभारी नियुक्त किया गया।
एसपी के आदेशों पर अमल करते हुए सीओ ने रामलीला मैदान का दौरा कर बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, आपातकालीन सुविधाएं और फायर सेफ्टी की रूपरेखा तैयार की। निरीक्षण के दौरान सीओ ने मेलार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, खोया-पाया केंद्र मजबूत करने और सभी दुकानदारों व फेरीवालों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने के सख्त निर्देश दिए। उत्तरकाशी का यह माघ मेला हर साल गंगा स्नान और सांस्कृतिक उत्सवों के लिए लाखों भक्तों को आकर्षित करता है, इसलिए इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस दौरान निरीक्षक अभिसूचना दीपक रावत, मेला प्रभारी दिलमोहन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट कहा कि मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न होगा।
