उधमसिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जिले में किसान सुखवंत सिंह ने जमीन विवाद में प्रशासनिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते रहे सुखवंत को अपमान और धक्के मिले, जिससे उनकी जिंदगी खत्म हो गई। कांग्रेस ने इसे राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता करार देते हुए निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और भूमि घोटालों के खिलाफ विशेष अभियान की मांग की।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा, “कानून व्यवस्था बिखर चुकी है, हरिद्वार हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड के बाद यह घटना शर्मनाक है। सीएम बयानबाजी छोड़ें, कार्रवाई करें।” कांग्रेस ने सुखवंत को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई। पार्टी ने ऐलान किया कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
