जनदर्शन बना भरोसे का सेतु: एक मंच, 171 फरियादें और मौके पर इंसाफ
मुख्यमंत्री की जननीतियों की धरातल पर झलक — डीएम की संवेदनशील सुनवाई से मिली राहत, शिक्षा से लेकर न्याय तक प्रशासन का मजबूत संबल

देहरादून | गोविन्द शर्मा
मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित जनदर्शन कार्यक्रम सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आमजन के लिए आशा और समाधान का मंच बनकर उभरा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने दूर-दराज़ से पहुंचे 171 फरियादियों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं और अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष मामलों में संबंधित विभागों को विधिसम्मत व त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए।
गरीबी नहीं बनेगी शिक्षा में बाधा
बिहार निवासी रीना देवी की मार्मिक गुहार पर डीएम के निर्देश से उनके 11 वर्षीय मूक-बधिर पुत्र का स्पेशल चाइल्ड विद्यालय में निःशुल्क दाखिला सुनिश्चित किया गया। इसी क्रम में बंजारावाला की रश्मि चौहान के दो बच्चों की फीस संकट पर जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों से समन्वय कर पढ़ाई निर्बाध जारी रखने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को त्वरित न्याय
जनसुनवाई में 70 वर्षीय बीमार व दिव्यांग मदन सिंह की पीड़ा पर भरण-पोषण का वाद मौके पर दर्ज कराया गया। पति से प्रताड़ित मंगला सिंह को पांच माह से लंबित भरण-पोषण व धमकियों के प्रकरण में एसडीएम व सीओ प्रेमनगर को तत्काल न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।
धोखाधड़ी पर सख्ती, एफआईआर तुरंत
भूमि सौदे में 7 लाख रुपये की जालसाजी की शिकायत पर डीएम ने मौके पर एफआईआर दर्ज कराई—प्रशासन की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संदेश।
आवागमन, वेतन और जनसेवाएं—सब पर एक्शन
सहसपुर–होरावाला–कोटड़ा मार्ग पर आवागमन संकट को देखते हुए रोडवेज को तत्काल बस संचालन के आदेश।
सेलाकुई नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों का पांच माह का बकाया मानदेय दिलाने को ईओ को ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश।
शाकुम्भरी गौ रक्षा सेवा समिति की मांग पर निराश्रित गौवंश आश्रय हेतु भूमि चयन के निर्देश।
जल जीवन मिशन व अतिक्रमण मामलों में जांच

ग्राम गाता में टैंक/चैंबर निर्माण बिना भुगतान की शिकायत पर सीडीओ को 5 जनवरी तक रिपोर्ट।
ऋषिकेश के भट्टोवाला में बिना कनेक्शन बिलिंग पर जांच।
लोक निर्माण विभाग के मार्ग पर अवैध कब्जे और अजबपुर कलां में सरकारी भूमि अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई के आदेश।
आपदा व भूमि विवादों पर भी राहत
धनपौ–लोहारी पैदल मार्ग की मरम्मत हेतु एसडीएमए चकराता को प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश। मोहना क्षेत्र के श्रमिक परिवारों की वर्षों पुरानी बसासत पर पट्टा/सीमांकन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने का भरोसा।
जनदर्शन में एसडीएमए स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
