देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल ने आईएसबीटी क्षेत्र में वर्षों पुरानी ट्रैफिक जाम की समस्या पर करारा प्रहार किया है। लंबे समय से बंद पड़े निकासी गेट को खोल दिया गया, जबकि गेट पर बने अवैध निर्माण और चुंगी को पूरी तरह हटा दिया गया। डीएम के सख्त निर्देशों ने अधिकारियों को झटका दिया, और अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश व चंडीगढ़ जाने वाली बसें बिना रुकावट के निकल रही हैं।
इससे आईएसबीटी परिसर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो गया है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के पुराने खाली कार्यालय भवन को भी ध्वस्त करने का आदेश दिया, जो यातायात में बाधा बन रहा था। चुंगी को शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे बसों की आवाजाही सुगम हो गई।
भविष्य के लिए डीएम ने फ्लाईओवर के नीचे अव्यवस्थित कट को बंद कर सुरक्षित एंट्री-एग्जिट बनाने और कलर कोडेड पार्किंग निर्माण के निर्देश एनएच प्राधिकरण को दिए। साथ ही, आईएसबीटी सड़क किनारे खाली जमीन पर टाइल्स लगाकर पार्किंग का काम शुरू हो चुका है। डीएम ने सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध काम पूरा करने का सख्त आदेश दिया, ताकि यात्रियों को जाममुक्त सफर मिले।
