त्यूणी / देवघार रेंज: त्यूणी क्षेत्र के देवघार रेंज स्थित सरकारी आवास में आज सुबह करीब 11:30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय वन बीट अधिकारी बलबीर चौहान ड्यूटी पर बाहर गए हुए थे, जबकि घर के अंदर उनकी धर्मपत्नी और तीन छोटे बच्चे मौजूद थे। अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बलबीर चौहान की पत्नी ने तुरंत फोन पर उन्हें सूचना दी। इसके बाद बलबीर चौहान ने मामले की जानकारी बावर TV चैनल को दी। बावर TV द्वारा सूचना तत्काल थाना त्यूणी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अश्विनी बलूनी, फायर ब्रिगेड और तहसील प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं नायब तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला और राहत कार्यों की निगरानी की।
आग बुझाने के लिए थाना मोरी को भी सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम त्यूणी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई के चलते काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से भारी नुकसान हुआ है।
वन बीट अधिकारी बलबीर चौहान के अनुसार आग में सरकारी कार्यालय की सभी महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख हो गईं, साथ ही लगभग 90 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और घर का अधिकांश सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। वहीं क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने फोन पर पीड़ित परिवार से बात कर आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि प्रभावित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। यह घटना एक बार फिर सरकारी आवासों में बिजली सुरक्षा और फायर सेफ्टी व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर करती है।
