देहरादून (गोविंद शर्मा): देहरादून शहर अब केवल बढ़ नहीं रहा, बल्कि नई पहचान गढ़ रहा है। जिला प्रशासन देहरादून द्वारा चलाए जा रहे सुव्यवस्थित विकास और सौंदर्यीकरण अभियान के तहत राजपुर रोड स्थित दिलाराम चौक का कायाकल्प अंतिम चरण में पहुँच चुका है। यह चौक अब जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में शहर के चौक–चौराहों को पहली बार ऐसा स्वरूप दिया जा रहा है, जहाँ यातायात प्रबंधन के साथ-साथ उत्तराखण्ड की पौराणिक धरोहर, लोक संस्कृति और परंपराओं की आत्मा भी दिखाई दे। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल केवल मार्ग न हों, बल्कि संस्कृति के जीवित प्रतीक बनें — ताकि देहरादून आने वाला हर व्यक्ति राज्य की असली पहचान महसूस कर सके।

इससे पहले कुठालगेट और साईं मंदिर तिराहा का सौंदर्यीकरण कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है, जिन्हें नागरिकों और पर्यटकों से जबरदस्त सराहना मिली है।
जिला प्रशासन भविष्य में भी शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को इसी तरह आधुनिक, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक स्वरूप देने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से कार्य करता रहेगा, ताकि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और सशक्त शहरी मॉडल के रूप में स्थापित किया जा सके।
