हरिद्वार: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला हरिद्वार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रानीपुर मोड़ चंद्राचार्य चौक पर जोरदार नारेबाजी के बीच कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया। ‘कांग्रेस मुर्दाबाद’, ‘कांग्रेस की ओछी राजनीति बंद करो’, ‘अंकिता की आत्मा को अपमानित करना बंद करो’ जैसे नारों से हवा गूंज उठी।जिला अध्यक्ष (महिला मोर्चा) प्रीति गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड में निकृष्ट राजनीति पर उतर आई है। हमारी सरकार ने त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई, जिनकी जमानत आज तक नहीं हुई।
सोशल मीडिया पर उत्तराखंड का माहौल खराब करने का उनका षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं होगा। अंकिता हमारी बेटी थी, कोई साक्ष्य हो तो पुलिस या कोर्ट में पेश करें- सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।” हरिद्वार महापौर किरण जैसल ने चेतावनी दी, “कांग्रेस महिलाओं का अपमान कर रही है। जनता 2027 चुनाव में इसका जवाब देगी। भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उनके झूठे प्रचार का विरोध करेंगे।” जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा, “कांग्रेस की राजनीति से उत्तराखंड का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं।”
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने जोड़ा, “भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था मजबूत कर रही है, भंग करने वालों से सख्त कार्रवाई होगी।” शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपील की, “भाजपा कांग्रेस के षड्यंत्र को नाकाम करेगी। देवभूमि के सम्मान में हर कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं, जनता का ध्यान भटका रही है।” कार्यक्रम में राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सुनील सैनी, संदीप गोयल समेत जिला पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
