नैनबाग- अंकिता भंडारी हत्याकांड के खिलाफ लोगों का आक्रोश फिर से सड़कों पर दिखने लगा है। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नैनबाग ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘अंकिता को न्याय दो’ के नारों के साथ नैनबाग पुलिस चौकी से मुख्य बाजार तक न्याय यात्रा निकाली। न्याय यात्रा के बाद कांग्रेसियों ने मुख्य बाजार चौराहे पर भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इसके बाद ब्लॉक अध्यक्ष दीपचंद सजवाण की अध्यक्षता में P.W.D. गेस्ट हाउस में बैठक हुई। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में महिला जिलाध्यक्ष आशा रावत और मसूरी के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि भाजपा सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है और सरकार पूरी तरह महिला विरोधी है। जब तक अंकिता भंडारी के दोषियों को फांसी नहीं मिल जाती है तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। B.L.A. प्रभारी अमेन्द्र बिष्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के बजाय भाजपा मामले को भटकाने की कोशिशें कर रही है। कांग्रेस पार्टी पहले दिन से ही निष्पक्ष जांच की मांग पर अडिग है। जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता शांत नहीं बैठेंगे।
सरतली जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत और कांग्रेस नेता डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए, जिससे कि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। इस अवसर पर प्रभारी धनोल्टी जबर सिंह, B.L.A. प्रभारी अमेन्द्र बिष्ट, ब्लाक महामंत्री मोहन लाल निराला, बिजेंद्र बिष्ट, महिला ब्लॉक अध्यक्ष सरोज भंडारी, न्याय पंचायत अध्यक्ष हरदेव कुमाई, पंवार न्याय पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह, न्याय पंचायत अध्यक्ष राजवीर पंवार, अतोल गुसाईं, जनानद बिजल्वाण, बचन सिंह चौहान, सुन्दर सिंह भण्डारी, बिपिन भण्डारी, लोकेश भण्डारी,सरदार कंडारी, रणवीर रावत, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक डोभाल, आनन्द तोमर, जगत पंवार, विपिन पंवार, सियाराम पंवार, अजीत पंवार, लोकेन्द्र उनियाल, पूरण सिंह बर्थवाल, अनिल कण्डारी, महेश तोमर, मनवीर रावत, देशपाल, सागर तोमर, आशीष,राजू, श्याम सिंह चौहान, हरदेव शाह, रुपचंद सिंह रोशन सजवाण, हरिदास, महावीर, संदीप राणा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
