चमोली: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर गोपेश्वर के बी.एड. विभाग में ‘छात्र परिषद’ के गठन हेतु आयोजन किया गया। इसका मुख्य ध्येय भावी शिक्षकों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रणाली के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना रहा।छात्र परिषद प्रभारी डॉ. अखिल चमोली ने सभी प्राध्यापकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत करते हुए परिषद के पदों की महत्ता और निर्वाचन के नियमों की जानकारी दी। इसके पश्चात अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित विभिन्न पदों हेतु नामांकन, प्रस्तावक एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई।
सभी पदों पर एकल नामांकन होने अथवा आपसी सहमति से कार्यकारिणी का चयन निर्विरोध किया। नवनियुक्त कार्यकारिणी इस प्रकार किया गया अध्यक्ष अभिषेक, उपाध्यक्ष सपना राणा,सचिव रविंद्र,सहायक सचिव सौरभ, कोषाध्यक्ष सुनील बसेरा, सांस्कृतिक सचिव नैना, क्रीड़ा सचिव विपिन सिंह, कक्षा प्रतिनिधि (बी.एड. प्रथम वर्ष): प्रदीप, कक्षा प्रतिनिधि (बी.एड. द्वितीय वर्ष) ज्योति बने। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित कुमार जायसवाल ने सभी विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उन्होंने पदाधिकारियों को उनके उत्तरदायित्वों से अवगत कराते हुए कहा कि छात्र परिषद, विभाग और प्रशिक्षणार्थियों के बीच समन्वय स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापकगण डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. सरिता पवार, डॉ. ममता असवाल, डॉ. चंद्रेश जोगेला, डॉ. हिमांशु बहुगुणा एवं डॉ. कुलदीप नेगी उपस्थित रहे। सभी प्राध्यापकों ने नवनियुक्त परिषद को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. चंद्रेश जोगेला द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और छात्र परिषद में निर्विरोध निर्वाचित हुए सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
