देहरादून: जिलाधिकारी देहरादून के सख्त निर्देशों और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के कुशल मार्गदर्शन में एस.जी.आर.आर. लक्ष्मण इंटर कॉलेज ने मोथरोवाला में आयोजित एनएसएस शिविर के स्वयंसेवकों के लिए आपदा प्रबंधन पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस एकदिवसीय कार्यक्रम में एनएसएस के 54 स्वयंसेवी विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, अग्निकांड, वज्रपात जैसी आपदाओं से निपटने की सैद्धांतिक व व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई।
जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनरों- श्री राजू शाही, श्री सुशील सिंह कैंतुरा और श्री मोहित सिंह ने प्राथमिक उपचार, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की। ट्रेनिंग के दौरान युवाओं ने व्यावहारिक ड्रिल भी किए, जिससे उनकी तत्परता बढ़ी। कार्यक्रम अधिकारी श्री बिपिनेश कुकरेती ने जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में आपदा जागरूकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिला प्रशासन की टीम को कैंप में पहुंचाने के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उत्तराखंड जैसे आपदा प्रभावित राज्य में ऐसी पहलें युवाओं को सशक्त बनाने में कारगर साबित हो रही हैं, जो भविष्य में जानमाल की रक्षा में सहायक होंगी।
