देहरादून: स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता श्री वीरेंद्र सिंह भंडारी और श्रीमती सोनी देवी ने आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी पुत्री के प्रकरण से जुड़ी अपनी पीड़ा, मांगें और भावनाओं को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने परिवार की हर बात को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना उनकी सरकार की सबसे ऊपरी प्राथमिकता बनी हुई है।
सीएम धामी ने कहा, “हम पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे तथा उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक व त्वरित कार्रवाई करेंगे।” यह भेंट उस समय हुई जब अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला न्यायिक प्रक्रिया में है और परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। मुख्यमंत्री ने परिवार को धैर्य रखने का भी आह्वान किया तथा राज्य सरकार के पूर्ण समर्थन का वचन दोहराया।
