देहरादून : एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों पर पुलिस ने आमजन को साइबर धोखाधड़ी और नशे के जाल से बचाने का बीड़ा उठाया है। जनपदभर में थानों के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है, जिसमें छात्र-छात्राओं को नशे के घातक परिणामों और डिजिटल दुनिया के खतरे सिखाए जा रहे हैं।
आज पटेलनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत साइबर क्राइम सेल की टीम ने एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में विशेष सत्र आयोजित किया। सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सीआरपीएफ-पुलिस के ट्रेनिंग रिक्रूट्स ने हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों ने नशे की लत को ‘भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन’ बताते हुए चेताया कि यह न केवल स्वास्थ्य बर्बाद करती है, बल्कि युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेल देती है। छात्रों को नशा-मुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई।
साइबर अपराधों पर फोकस करते हुए बताया गया कि अनजान नंबरों से कॉल, फर्जी लिंक खोलना, ओटीपी शेयर करना या सोशल मीडिया पर निजी डिटेल्स उजागर करना भारी नुकसान का सबब बन सकता है। ‘सावधानी ही सुरक्षा है’ का मंत्र देते हुए बचाव के आसान उपाय सिखाए गए। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों को सकारात्मक मानसिकता और स्वस्थ आदतें अपनाने की प्रेरणा दी गई। अंत में सभी ने नशामुक्ति और साइबर सुरक्षित समाज के लिए संकल्प लिया।
एसएसपी ने कहा, “युवा पीढ़ी ही समाज का भविष्य है। हम हर स्तर पर जागरूकता फैलाएंगे ताकि कोई भी नशे या साइबर जाल में न फंसे।” यह अभियान जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहा है।
