देहरादून : उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, महिला अपराधों और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस ने कमर कस ली है। राजीव भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया।
नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा शासन ने राज्य को भ्रष्टाचार की खाई, अपराध का अड्डा और बेरोजगारी का अंधेरा बना दिया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की खुली लूट तक हर मोर्चे पर सरकार असफल रही। गणेश गोदियाल ने ऐलान किया कि अगले तीन महीने ‘जन जागरण अभियान’ चलेगा, जिसमें युवा, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोजगार हर वर्ग को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा, “भाजपा ने सत्ता को लूट का हथियार बना लिया, कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।” यशपाल आर्य ने किसानों की आत्महत्याओं और प्रशासनिक अव्यवस्था पर तंज कसा, “सरकार अपराधियों की ढाल बनी हुई है। ‘डबल इंजन’ अब ‘डबल विफलता’ साबित हो गया।” पूर्व सीएम हरीश रावत ने ‘चतुर्भुज नेतृत्व’ की तारीफ की और अंकिता मामले में पार्टी की सक्रियता पर बधाई दी।
प्रीतम सिंह ने बताया कि अभियान की चरम कड़ी 16 फरवरी को राजभवन घेराव होगा, जिसके संयोजक वे स्वयं होंगे। हरक सिंह रावत ने संगठन की एकजुटता पर जोर दिया, जबकि सह-प्रभारी शर्मा-यादव ने संघर्ष तेज करने का वादा किया। कांग्रेस का यह अभियान राज्य की सियासत में नया मोड़ ला सकता है, क्योंकि भाजपा सरकार पर दबाव बढ़ रहा है। संगठन गांव-गांव तक इसे पहुंचाने को तैयार है।
