देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण सुनिश्चित करने हेतु “पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत कोतवाली प्रभारी सहस्रधारा की पुलिस टीम ने आज क्षेत्रांतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय निवासियों को साइबर अपराधों, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों तथा नशीले पदार्थों के भयावह प्रभावों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को साइबर ठगी के नए तरीकों जैसे फर्जी लोन ऐप्स, ऑनलाइन फिशिंग एवं सोशल मीडिया पर छेड़छाड़ से बचने की विस्तृत ट्रेनिंग दी गई, साथ ही घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न एवं स्टॉकिंग जैसी घटनाओं में तत्काल सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 112 (आपातकालीन), 1090 (महिला हेल्पलाइन) एवं 181 (महिला सामर्थ्य हेल्पलाइन) की पूरी कार्यप्रणाली समझाई गई।
नशा तस्करी के खिलाफ जन सहयोग की अपील
पुलिस टीम ने छात्रों को आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी करने वालों की गोपनीय सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया, साथ ही सूचना देने वालों की पहचान पूर्ण गोपनीय रखने का आश्वासन दिया। छात्रों एवं शिक्षकों ने नशे से मुक्त जीवन जिए जाने, परिवारजनों को जागरूक करने तथा दून पुलिस की नशा मुक्ति मुहिम में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। इस अभियान से स्कूल प्रबंधन ने भी उत्साह प्रदर्शित करते हुए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।
