कोटद्वार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने यहां पनियाली वन विभाग सभागार में आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कौड़िया बैरियर पर जोरदार स्वागत के बाद भट्ट का दीप प्रज्वलन के साथ बैठक का उद्घाटन हुआ, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत समेत वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक का खास आकर्षण रहा कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों समेत 57 लोगों का भाजपा में प्रवेश।
इनमें पार्षद श्रीधर वेदवाल, मनीष नैथानी, नेत्र मोहन असवाल, दीपक पाठक, जयदीप नौटियाल, जेपी बहुखंडी, आरती खर्कवाल, पूर्व पार्षद हरीश खर्कवाल, महेश नेगी सहित पार्षद प्रत्याशी संगीता देवी, दीपक पांडेय आदि शामिल हैं। भट्ट ने नव सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा, “आप राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा के अभिन्न अंग बने हैं।” भट्ट ने धामी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘जनता की सरकार, जनता के द्वार’ अवधारणा के तहत न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी शासन की उपलब्धियों को घर-घर ले जाने का निर्देश दिया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि घटते जनाधार से बौखलाकर वह ओछी राजनीति पर उतर आई है, जबकि भाजपा की लगातार जीतें जनता के विश्वास को दर्शाती हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र पर जोर दिया, जबकि महापौर रावत ने डबल इंजन सरकार से नगर विकास में आई तेजी का उल्लेख किया। प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा ने बेटी अंकिता मामले में कांग्रेस के भ्रम फैलाने पर तीखा प्रहार किया, कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच कर रही है और सबूत पेश करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नौटियाल ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
बैठक में गौ सेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल, सिंचाई सलाहकार ऋषि कंडवाल, ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष भरत लाल, महिला मोर्चा मंत्री अनीता आर्य समेत बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
