देहरादून: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम से पैदल मार्च निकालकर जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में एंजल चकमा और अंकिता भंडारी हत्याकांडों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि एंजल की हत्या ने छात्र समाज को झकझोर दिया है, जबकि अंकिता मामले में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका से जांच पर सवाल उठे हैं। उन्होंने सीबीआई जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। नेगी ने निजी विश्वविद्यालयों पर भी निशाना साधा, जहां मनमानी फीस, उपस्थिति घोटाला और फेल छात्रों को पास करने का चलन शिक्षा को व्यापार बना रहा है।
एनएसयूआई की मांगों में शामिल हैं- एंजल मामले में त्वरित जांच, अंकिता प्रकरण पर सीबीआई जांच, छात्र सुरक्षा तंत्र, निजी यूनिवर्सिटी की फीस-परीक्षा व्यवस्था की स्वतंत्र जांच, अवैध वसूली पर सख्ती और शिक्षा बाजारीकरण पर रोक। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार, वैभव वालिया, अभिनव थापर, कमल कांत, आयुष सेमवाल समेत बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
