उत्तरकाशी : उत्तरकाशी की पुलिस अधीक्षक डॉ. (नाम) के निर्देश पर चल रहे जनजागरूकता अभियान के तहत धरासू पुलिस ने रविवार को ग्राम दिचली के ग्रामीणों और NSS स्वयंसेवकों को नशे, साइबर अपराधों, यातायात नियमों तथा महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज असवाल के नेतृत्व में धरासू पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज बनचौरा और बिरजा इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ के NSS शिविरों में पहुंचकर युवाओं को संबोधित किया।
पुलिस टीम ने नशे के घातक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशा आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से व्यक्ति को खोखला कर देता है, जिससे गंभीर बीमारियां और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर पड़ जाती है। “युवा राष्ट्र का भविष्य हैं, नशे से दूर रहें और करियर पर ध्यान केंद्रित करें,” यह संदेश देते हुए ग्रामीणों व छात्रों को नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे पर जोर देते हुए पुलिस ने सलाह दी कि अनजान OTP, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी कभी शेयर न करें। संदिग्ध लिंक या ईमेल पर क्लिक करने से बचें। किसी साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए तत्काल 1930 पर कॉल करें। यातायात नियमों का पालन, महिला अपराधों के खिलाफ सतर्कता और सामाजिक कुरीतियों से लड़ने पर भी प्रकाश डाला गया।
आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर का उपयोग करने की हिदायत दी गई। इस अभियान से ग्रामीणों और NSS स्वयंसेवकों में उत्साह दिखा। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और नशामुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया। उत्तरकाशी पुलिस इसी प्रकार के अभियानों को जारी रखेगी।
