देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (के०जी०बी०वी०), टाइप-I त्यूनी के खेल मैदान के समतलीकरण के लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) से कुल 10 लाख रुपये स्वीकृत करते हुए पहली किस्त के रूप में 6 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। जिले में शिक्षा को आधुनिक बनाने और छात्राओं को सुरक्षित खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी स्वयं इस कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि खेल मैदान जल्द तैयार होकर छात्राओं के उपयोग में आ सके।
पहले भी किया था बड़ा काम — 17 लाख की स्वीकृति
इसके पहले भी जिलाधिकारी द्वारा इसी विद्यालय के छात्रावास के सुधार और सुविधाओं के लिए 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
अब खेल मैदान के लिए अतिरिक्त स्वीकृति देकर जिलाधिकारी ने बेटियों के भविष्य के प्रति अपनी गंभीर प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश दिया है।
मैदान समतल होने से बदलेगी तस्वीर पूर्व में मैदान बजट के अभाव में उबड़-खाबड़ रह गया था और बरसात में जलभराव हो जाता था, जिसके कारण खेल गतिविधियाँ प्रभावित होती थीं। अब मैदान समतल होने से छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उनके शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा। शासी परिषद की स्वीकृति के बाद कुल 10 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 60 प्रतिशत यानी 6 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। शेष राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र और तृतीय पक्ष जाँच के बाद जारी होगी।
प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत आधुनिक सुविधाएँ
प्रोजेक्ट उत्कर्ष के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों की तरह आधुनिक बनाया जा रहा है।
विद्यालयों में फर्नीचर, एलईडी/स्क्रीन, पेयजल, विद्युत, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी सविन बंसल की इस पहल से केजीबीवी त्यूनी की छात्राओं को अब एक सुरक्षित, समतल और उपयोगी खेल मैदान मिलने जा रहा है — जो निश्चित रूप से बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूत कदम है।
