देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की सख्त मुहिम के दम पर थाना रानीपोखरी पुलिस ने लंबे समय से फरार 20 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त बिहारी उर्फ गंगा उर्फ गिदड़ा को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी यह कुख्यात गैंगस्टर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ देहरादून सहित कई राज्यों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अभियुक्त कृष्ण कुमार उर्फ अण्डू के गिरोह का प्रमुख सदस्य है, जो संगठित अपराध की घटनाओं को अंजाम देता रहा। गैंग पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद बिहारी फरार हो गया था। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर विशेष इनाम घोषित किया था। लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने और सुरागरसी से 4 जनवरी 2026 को पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में संदेह जताया जा रहा है कि वह किसी बड़ी सनसनीखेज वारदात की तैयारी में था।
एसएसपी के निर्देशों का असर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधीनस्थ थानों को लंबे समय से फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रानीपोखरी थाना टीम ने अभियान तेज कर दिया। गैंग के अन्य सदस्य लालू, मोहन लाल उर्फ चपेटा भी इनामी हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस गिरफ्तारी से देहरादून में अपराधियों में दहशत फैल गई है। पुलिस अन्य फरारियों पर नकेल कसने की तैयारी में है।
