उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए बडेथी निवासी एक व्यक्ति को 2 लाख 90 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाई है। यह कार्रवाई मई 2025 में हुई ड्रीम इलेवन ऐप से जुड़ी ठगी के मामले में की गई, जहां ठगों ने पीड़ित की पत्नी को फोन कर एक करोड़ रुपये जीतने का लालच देकर पैसे ऐंठ लिए थे।
सितंबर 2025 में पीड़ित ने कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को लंबित साइबर मामलों में तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच में विवेचक वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलमोहन सिंह बिष्ट ने साइबर सैल की तकनीकी मदद से ठगों के बैंक खातों का पता लगाया और शत-प्रतिशत राशि पीड़ित को लौटवा दी।
यह सफलता उत्तरकाशी जिले में साइबर अपराधों पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने बताया कि ठग अक्सर फर्जी ऐप्स और लॉटरी के नाम पर लोगों को फंसाते हैं।
उत्तरकाशी पुलिस की अपील : किसी भी इनाम, लॉटरी या गेम जीतने के लालच भरे कॉल/मैसेज पर भूलकर भी जवाब न दें। साइबर ठगी होने पर बिना देर किए 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। जागरूक रहें, सुरक्षित रहें!
