देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जन दर्शन में 130 से अधिक शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। प्रदेशभर से फरियादी पहुंचे, जिनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने जोर दिया कि निस्तारण के बाद हर शिकायतकर्ता को सूचित किया जाए, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।
कार्यक्रम में कई मार्मिक मामले सामने आए। टिहरी गढ़वाल की उमा रानी को कैंसर उपचार के लिए राइफल फंड से आर्थिक सहायता के आदेश दिए गए। सुनीता देवी की बेटी के विवाह हेतु समाज कल्याण विभाग को सहायता योजना से मदद उपलब्ध कराने को कहा गया। सहारनपुर रोड की 82 वर्षीय बुजुर्ग संतोष, जिन्हें परिजनों ने संपत्ति अपने नाम कर लावारिस छोड़ दिया, के मामले में डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एकल माता मोनिका की दो बेटियों एवं विधवा रेनू की बेटी अनुष्का की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से पुनर्जीवित होगी। रेनू के बेटे अर्णीत की फीस माफी हेतु स्कूल प्रबंधन को पत्र लिखा जाएगा। मालदेवता के गौरव पवार के 18 माह से लंबित दाखिल-खारिज मामले पर डीएम ने पटवारी के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी। अगले दिन तक आख्या न आने पर निलंबन की कार्रवाई होगी।
डीएम सविन बंसल ने साफ संदेश दिया- जन समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं। इस अवसर पर विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी स्मृति परमार, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, कुमकुम जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
