देहरादून : आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिला प्रभारियों को आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण और व्यापक सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। पूर्व वर्षों की घटनाओं का गहन विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आईजी स्वरूप ने कहा कि स्थानीय समितियों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित कर पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की जाए।
होलिका दहन स्थलों की सूची तैयार कर समय निर्धारण पर विवाद न होने का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि कहीं विवाद की स्थिति बनती है, तो संबंधित क्षेत्राधिकारी या थानाध्यक्ष तत्काल उपजिलाधिकारी से समन्वय कर आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करें। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनाती के साथ कड़ी निगरानी रखी जाए। धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील इलाकों पर बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वॉड की चेकिंग अनिवार्य होगी।
होली के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हूंडियों और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश हैं। साथ ही, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उत्तराखंड पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या हेल्पलाइन 112 पर दें। इन उपायों से गढ़वाल रेंज में होली का त्योहार खुशियों के रंगों से सराबोर होगा।
