उत्तरकाशी। कोतवाली मनेरी पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गत रविवार रात साढ़े चार बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सालंग गांव की ओर जाने वाले नवनिर्मित पुल के पास 30 वर्षीय उपेंद्र राणा पुत्र निवासी ग्राम सालंग, भटवाड़ी को 1 किलो 30 ग्राम चरस (मूल्य करीब 2.10 लाख रुपये) के साथ गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त जंगलों से चरस इकट्ठा कर मुनाफे के लिए बेचने की फिराक में था। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर चल रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ और नशा मुक्त अभियान के तहत एसडीएम जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह तोमर के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर चेकिंग की।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली मनेरी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आज उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। टीम में उ0नि0 निखिल देव चौधरी (चौकी प्रभारी भटवाड़ी), कानि0 संदीप भट्ट व कानि0 काशीष भट्ट शामिल रहे। एसपी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
श्रीमती उपाध्याय ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों को सबक सिखाने का सिलसिला जारी है। पिछले एक माह में यह चौथी कार्रवाई है। दिसंबर में 16.53 ग्राम स्मैक व 602 ग्राम चरस के साथ तीन तस्कर पकड़े जा चुके हैं। अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान तेज है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रहेगा, युवा पीढ़ी को बचाने का संकल्प अटल है।
