देहरादून: हिंदूहृदय सम्राट और ‘टाइगर’ के नाम से विख्यात बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के अवसर पर युवा शिव सैनिकों ने दर्जनों गौ माताओं को भोजन कराकर उनकी स्मृति को नमन किया। 23 जनवरी 1926 को मुंबई में जन्मे ठाकरे साहब की 100वीं जयंती पर देहरादून में आयोजित इस भावपूर्ण कार्यक्रम में शिव सैनिकों की आंखें नम रहीं। प्रदेश अध्यक्ष युवा शिवसेना सागर रघुवंशी ने कहा, “बालासाहेब ठाकरे हमारे आदर्श हैं। राष्ट्रवादी नेता और अद्वितीय वक्ता के रूप में वे बेजोड़ थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका वर्चस्व कभी कम नहीं हुआ।
उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। वे युवा पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। शत-शत नमन!” देहरादून महानगर अध्यक्ष मंजीत भट्ट ने ठाकरे के विजन की सराहना करते हुए कहा, “महाराष्ट्र की प्रगति के लिए उनके विचारों से प्रेरित होकर हम उत्तराखंड से पूरे भारत में शिवसेना का परचम लहराएंगे।” महानगर सचिव शिवम गुप्ता ने कहा, “बालासाहेब की नीतियों में राष्ट्र प्रथम का भाव था। वे सच्चे राष्ट्रआराधक थे।” वहीं, महानगर उपप्रमुख सुमित चौधरी ने उन्हें ‘प्रखर राष्ट्रवादी’ बताते हुए कहा, “वंचितों, श्रमिकों और गरीबों के अधिकारों के लिए उनका साहसी, स्वाभिमानी जीवन अनुपम उदाहरण है।”
कार्यक्रम में महानगर महासचिव मनोज रावत, राजीव गुप्ता, होमेश पाल, दीपेश पाल, देवराज, अमन पाल, देवपाल, अरविंद पाल, रोहित कुमार, आकाश रघुवंशी, सौरव गुप्ता, शौर्य रघुवंशी, आरव रघुवंशी, आयुष पासवान, दीपक धीमान समेत बड़ी संख्या में युवा सैनिक उपस्थित रहे।
