नैनीताल : नैनीताल क्लब, मल्लीताल में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस ने स्थानीय राजनीति में भूकंप ला दिया। भवाली के बिंदास सामाजिक कार्यकर्ता शीलू कुमार ने ‘विधानसभा सम्मेलन 2027’ की तारीख फिक्स करते हुए 2027 विधानसभा चुनावों में ‘युवा तूफान’ का खुला ऐलान कर दिया। उनका नारा साफ है- “राष्ट्रीय दलों के आगे नहीं झुकेंगे!” शीलू ने कहा, “हम बूथ स्तर पर 400-500 युवाओं की अटूट कोर टीम तैयार कर चुके हैं।
16 फरवरी को बेतालघाट मिनी स्टेडियम में 4-5 हजार युवा, महिलाएं और ग्रामीण जुटेंगे। यह बिना किसी बड़े नेता के शुद्ध युवा शक्ति प्रदर्शन होगा। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, जहां शीलू अपना राजनीतिक विजन जनता के सामने रखेंगे।” उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव अब स्थानीय मुद्दों- जैसे रोजगार, शिक्षा और ग्रामीण विकास- पर लड़े जाएंगे। “स्थानीय जमीन से जुड़े युवा ही सच्चा समाधान लाएंगे। 2027 में परिवर्तन की लहर उठेगी!”
इस ऐलान ने नैनीताल विधानसभा में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय नेता सतर्क हो गए हैं, जबकि युवा वर्ग में उत्साह की लहर दौड़ गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन रावत, प्रदीप आर्या, मनीष, अभिषेक और विनय गोस्वामी सहित समर्थक मौजूद रहे। शीलू की यह पहल उत्तराखंड की नई राजनीतिक हवा का संकेत दे रही है, जहां युवा नई सोच के साथ मैदान में उतर रहे हैं।
