डाकपत्थर (विकासनगर)। जौनसार-बावर शिक्षक समिति की ओर से जौनसार बाबर भवन, डाकपत्थर में रविवार को उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कृपाराम नौटियाल (से.नि.) ए.डी.जी., भारतीय कॉस्टगार्ड रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सीएमओ देहरादून डॉ. अमर सिंह राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं समिति पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को अनुशासित और उत्साहपूर्ण बना दिया।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले चकराता और कालसी क्षेत्र के 40 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. कृपाराम नौटियाल ने कहा कि शिक्षक समिति की यह पहल विद्यार्थियों के भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करेगी। उन्होंने कहा— “शिक्षक समाज का दर्पण है। शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के साथ शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। नए भारत के निर्माण में बच्चों को पढ़ाई के साथ संस्कारवान बनाना समय की आवश्यकता है।”
समिति अध्यक्ष ने बताया कि शिक्षक समिति का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को मंच देकर सम्मानित करना है। कार्यक्रम की सफलता में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में टीकम सिंह चौहान, श्री रणवीर सिंह तोमर (मुख्य प्रबंधक वित्त एवं लेखा, ओएनजीसी), श्री जगत सिंह चौहान (वित्त निदेशक—स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग, उत्तराखंड), श्री सुरेंद्र शर्मा (जोनल मैनेजर—बैंक ऑफ महाराष्ट्र), श्री केशर सिंह चौहान (व्यवसायी), श्री शैलेंद्र सिंह चौहान (उप निदेशक, प्रा.शि.), श्री भुवनेश्वर प्रसाद (खण्ड शिक्षा अधिकारी कालसी), श्रीमती बुशरा (खण्ड शिक्षा अधिकारी चकराता) सहित अनेक शिक्षाविद और समाजसेवी उपस्थित रहे।
मैंद्रथ विद्यालय के प्रतिभावान छात्रों पर विशेष समारोह में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मैंद्रथ के चयनित विद्यार्थियों को भी मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बच्चों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान के दौरान विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। बच्चों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प भी दोहराया।
प्रधानाचार्य महेंद्र दत्त शर्मा का बयान
प्रधानाचार्य महेंद्र दत्त शर्मा ने कहा—
“यह सम्मान केवल बच्चों का नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय और अभिभावकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। जौनसार-बावर जैसे पर्वतीय क्षेत्र से निकलकर हमारे बच्चे निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं। हम उन्हें अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”
उन्होंने शिक्षक समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित होते हैं।
