देहरादून। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों और मा० मुख्यमंत्री के स्पष्ट मार्गदर्शन के चलते जनपद देहरादून की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में अत्याधुनिक ब्लड बैंक का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है, जिससे मरीजों को अब समय पर रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी राहत मिलेगी। ₹142.91 लाख की लागत से तैयार हो रहा यह ब्लड बैंक, जिलाधिकारी सविन बंसल की प्राथमिकता परियोजनाओं में शामिल है। डीएम द्वारा की जा रही नियमित मॉनिटरिंग और उच्च स्तर पर समन्वय के चलते उम्मीद है कि इसी वित्तीय वर्ष में ब्लड बैंक का संचालन शुरू हो जाएगा।

ब्लड बैंक शुरू होने से आपात परिस्थितियों में मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और त्वरित उपचार सुनिश्चित होगा। मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार जिला अस्पताल में मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) की क्षमता दोगुनी कर दी गई है। 6 बेड से शुरू हुई यह यूनिट अब आधुनिक सुविधाओं के साथ संचालित हो रही है। ₹17.03 लाख की धनराशि से यूनिट का विस्तारीकरण किया गया है, जिसमें मदर वार्ड, स्टाफ रूम और 24×7 सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएँ जोड़ी गई हैं।
नवजातों को मिल रही जीवनदायी सुविधा एसएनसीयू शुरू होने के बाद अब तक 491 से अधिक नवजातों का सफल उपचार किया जा चुका है। नवजातों के सुरक्षित परिवहन और आवश्यक जांच के लिए एक डेडिकेटेड वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ-साथ अस्पताल में ऑटोमेटेड पार्किंग, आधुनिक कैंटीन और “रक्त गरुड़” इलेक्ट्रिक वाहन जैसी सुविधाएँ भी अंतिम चरण में हैं, जिससे मरीजों और तीमारदारों को काफी सुविधा मिलेगी।
