देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में शिरकत की। विभिन्न जिलों से पहुंचे किसानों से गर्मजोशी से मिले और माल्टा व नींबू की खट्टी-मीठी खटाई का लुत्फ उठाया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में माल्टा उत्पादन की अपार क्षमता छिपी है।
राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में कदम तेज करते हुए ‘माल्टा मिशन’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस मिशन से माल्टा का उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन मजबूत होगा, जिससे पहाड़ी किसानों की आय दोगुनी होने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, स्थानीय फलों को राष्ट्रीय बाजार में नई ऊंचाइयां मिलेंगी। धामी ने जोर देकर कहा कि सरकार माल्टा के अलावा कीवी, सेब, आड़ू, प्लम, नींबू जैसी प्रजातियों और अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है।
ऐसे महोत्सव किसानों को सीधे उपभोक्ताओं व बाजार से जोड़ते हैं, जिससे उनकी मेहनत का पूरा-पूरा फल मिलेगा। कार्यक्रम में आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह आयोजन उत्तराखंड के फल उद्योग को नई दिशा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
