देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन में स्व. हरबंस कपूर की 80वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की। उन्होंने स्व. कपूर के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर एक प्रेरणा स्रोत थे, जिनकी कार्यशैली भावी पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि कपूर जी ने हमेशा समाजहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी। उनका पूरा जीवन जनसेवा और राज्य विकास के प्रति समर्पित रहा। धामी ने व्यक्तिगत संस्मरण साझा करते हुए कहा, “वे सादगी और संवेदनशीलता के जीवंत प्रतीक थे। हर वर्ग के उत्थान और विकास मुद्दों पर उनका सकारात्मक दृष्टिकोण अविस्मरणीय है।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. कपूर को नमन किया। उन्होंने कहा, “कपूर जी मेरे राजनीतिक गुरु थे। उनके मार्गदर्शन ने मुझे आज के स्थान तक पहुंचाया। उनका जननेता के रूप में योगदान राज्य के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।” इस समारोह में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी श्याम अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने देहरादूनवासियों को एक महान व्यक्तित्व की स्मृतियों से जोड़ दिया।
